आधार प्रकाशन की ओर से हर वर्ष, अपने स्थापना दिवस पर 20 दिसम्बर को किसी एक महत्वपूर्ण साहित्यकार को विधिवत सम्मानित किया जाता है। इस संदर्भ में हमें विज्ञापित करते हुए हर्ष का अनुभव हो रहा है की वर्ष 2023 के लिए गठित आधार सम्मान निर्णायक मंडल ने सर्वसम्मति से द्वितीय आधार सम्मान हमारे समय के महत्वपूर्ण लेखक विनोद शाही को समर्पित करने का निर्णय लिया है। यह सम्मान उन्हें 20 दिसंबर, 2023 को चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण सम्मान समारोह में प्रदान किया जाएगा। निर्णायक मंडल का सुविचारित मत है कि 'विनोद शाही की रचनात्मक प्रतिभा बहुआयामी और बड़ी हद तक अचंभित करने वाली है। वे न केवल हिन्दी आलोचना के प्रखर स्तम्भ हैं, बल्कि रचनात्मक विधाओं में उनका अक्षुण्ण योगदान है। कविता, कहानी और उपन्यास में उन्होने बेजोड़ काम किया है। इसके अतिरिक्त सम्पादन में भी उनका काम सराहनीय है। निर्णायक मंडल के तीनों सदस्यों का स्पष्ट मत है कि उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लेकर यह सम्मान स्वयं को न केवल सिद्ध करता है बल्कि आज के समय में प्रतिरोध की हर आवाज को सम्मानित करते हुये खुद भी सम्मानित होता है।